भिलाई(cgaajtak.com/)। छत्तीसगढ़ के भिलाई से सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती एक बड़ी खबर सामने आई है। भिलाई की तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी के बी-ब्लॉक स्थित जूही हाइट्स अपार्टमेंट वेलफेयर को-ऑपरेटिव सोसायटी मर्यादित का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद पिछले 2 साल से चुनाव नहीं कराया गया है। सहकारिता विभाग के स्पष्ट निर्देशों और प्राधिकृत (प्रशासक) अधिकारी की नियुक्ति के बाद भी चुनाव न होने से रहवासियों में भारी रोष है। इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच चुकी है।
6 महीने में चुनाव कराने के निर्देश, लेकिन 2 साल बीतने को आए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसायटी का वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने और तय समय सीमा में चुनाव न होने पर पंजीयक सहकारी समिति, दुर्ग के निर्देश पर एक प्राधिकृत अधिकारी को समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सहकारिता पंजीयक ने प्राधिकृत अधिकारी को 6 महीने के भीतर नया सदस्यता अभियान चलाकर चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन हैरानी की बात यह है कि 6 महीने की बात तो दूर, 2 साल बीतने को हैं और आज तक सोसायटी के चुनाव नहीं हो पाए हैं।
शिकायतों पर अधिकारियों की चुप्पी और आरटीआई की अनदेखी
सोसायटी के सदस्यों द्वारा वर्तमान समिति का कार्यकाल समाप्त होने, समय पर चुनाव न कराने और अन्य अनियमितताओं की शिकायत संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक (दुर्ग संभाग) से की गई थी। आरोप है कि जिम्मेदारों ने शिकायतों का निराकरण तो दूर, पत्रों का जवाब देना भी उचित नहीं समझा।
इसके अलावा, चुनाव में देरी, आय-व्यय के विवरण और प्रशासक की नियुक्ति के कारणों की जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई थी, लेकिन विभाग ने आरटीआई के तहत भी जानकारी देने से भी इनकार कर दिया। इस बात की शिकायत छत्तीसगढ़ शासन सहकारिता विभाग के सचिव से भी की गई है।
पीएमओ तक पहुंची सोसाइटी की मनमानी की शिकायत
जूही हाइट्स में रहने वाले एक सीनियर सिटीजन ने सोसायटी में व्याप्त भ्रष्टाचार, मेंटेनेंस राशि में गड़बड़ी और लिफ्ट की खराबी जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक शिकायत दर्ज कराई थी। बावजूद इसके, आज तक बुजुर्ग आवेदक की समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है, जिससे रहवासियों में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है।



