पिता ने 'कोरोना' से रुकवाई बेटी की लव मैरिज

खंडवा
एमपी के खंडवा जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक लड़की अपने घर वालों की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज कर रही थी। लड़के के साथ लड़की शादी के लिए कोर्ट में पहुंच गई थी। शादी के लिए कागजी प्रक्रिया को कोर्ट परिसर में पूरा किया जा रहा था। इसी बीच लड़की के घर वाले वहां पहुंच गए। लड़की के घर वालों को लड़का पसंद नहीं था। ऐसे में उन्हें किसी भी कीमत पर शादी रोकनी थी।

लड़की के घर वालों ने वहां मौजूद वकील से कहा कि लड़की कोरोना पॉजिटिव है, इससे दूर रहिए। उसके बाद खंडवा जिला न्यायलय में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही लड़की के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी इसकी सूचना दी। स्थानीय अखबार की रिपोर्ट के अनुसार परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से कहा कि कोरोना पॉजिटिव लड़की कोर्ट में विवाह के लिए शपथ-पत्र बनवा रही है।

मच गया हड़कंप
कोरोना का नाम सुनते ही खंडवा कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। शपथ पत्र बनाने में लगे वकील और मुंशी ने किनारा पकड़ लिया। उसके बाद वकील ने कहा कि पहले आप कोरोना की जांच करवा लें। आपकी रिपोर्ट जब नेगेटिव आ जाएगी, तब हम आपकी मदद करेंगे। उन्होंने ने कहा कि ऐसी परिस्थित में कोर्ट में कोई भी वकील आपका केस नहीं लेगा।

लड़की को किया गया क्वारंटीन
उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी जिला न्यायालय पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम लड़की को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जांच के लिए वहां उसका सैंपल लिया गया, उसके बाद लड़की को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अमलपुरा क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय लड़की अपने ही समाज के एक युवक से शादी करने जा रही थी। उसका वर्षों से उसके साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन परिजनों को लड़का पसंद नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *