UP: फुटपाथ पर सो रहे लोगों को ट्रक ने रौंदा

आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) में मंगलवार देर रात्रि हृदय विदारक (Road Accident) घटना घटित हो गई। नैशनल हाईवे स्थित सिकंदरा थाना क्षेत्र में फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर एक बेकाबू ट्रक चढ़ गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। इस घटना के बाद फुटपाथ पर रहने वाले लोग भयभीत हैं।

इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार ने बताया कि घटना देर रात करीब दो बजे के आस-पास की है। जानकारी करने पर पता चला है कि मरने वाले सभी लोग कबाड़ बीनने वाले हैं और रात को फुटपाथ पर सो रहे थे। तभी ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। फुटपाथ पर सोने वालों की संख्या सात थी, इनमें से पांच की मौत हो गई है जबकि दो घायल हैं। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। वहीं चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया गया है।

पहले भी हुई हैं घटनाएं
आगरा में ऐसी घटनाएं पहले भी घटित हो चुकी हैं। इसके बाद भी पुलिस फुटपाथ पर रहने वालों को नहीं हटा सकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार का कहना है कि सड़क किनारे रहने वाले लोगों को लगातार अभियान चलाकर हटाया जाता रहा है। इसके बाद भी कुछ लोग फुटपाथ पर सो जाते हैं। ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुलिस अभियान चला रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *