कांग्रेस पर उठाए थे सवाल, संजय झा सस्‍पेंड

मुंबई
कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को पार्टी प्रवक्‍ता रह चुके संजय झा को पार्टी की सदस्‍यता से निलंबित कर दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि ऐसा उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी अनुशासन तोड़ने के कारण किया गया है। राजस्‍थान के सियासी ड्रामे के बीच हाल ही में संजय झा ने कुछ हल सुझाए थे।

महाराष्‍ट्र कांग्रेस ने मंगलवार को ट्विटर पर संजय झा को पार्टी से निलंबित करने का ऐलान किया था। इससे पहले संजय झा ने ट्वीट करके सुझाव दिया था कि राजस्थान में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। उन्‍होंने यह भी कहा था कि पार्टी को तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए ऐसे राज्‍यों की जिम्‍मेदारी सौंपनी चाहिए जहां कांग्रेस कमजोर है। साथ ही यह भी कहा कि राजस्‍थान प्रदेश कांग्रेस को नया अध्‍यक्ष चुन लेना चाहिए।

कहा था- मैं सचिन के साथ हूं
संजय झा ने कहा कि मैं सचिन पायलट के साथ हूं। सच्चाई को देखिए…2013 के विधानसभा चुनाव में सीएम अशोक गहलोत थे। बीजेपी को 163 और कांग्रेस को 21 सीट मिली। 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 73 और कांग्रेस को 100 सीट …।

जून में हटाए गए थे प्रवक्‍ता पद सेपिछले महीने कांग्रेस ने पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने पर संजय झा को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से हटा दिया था। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने झा को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने को मंजूरी दी थी। इसके साथ ही अभिषेक दत्त और साधना भारती को कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया गया था। असल में संजय झा ने पिछले दिनों एक लेख के माध्यम से पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *