MP कैबिनेट विस्तार: शपथ ग्रहण के लिए इस नेता का नाम भूले अधिकारी, राज्यपाल ने दिलाया याद

भोपाल
मध्य प्रदेश में कैबिनेट ( ka Mantrimandal) का विस्तार हो गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आयोजित सादे समारोह में 28 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। हालांकि, इस दौरान बेहद अजीब घटनाक्रम हुआ जब शपथ के लिए एक मंत्री का नाम ही नहीं लिया गया। फिर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका नाम याद दिलाया जिसके बाद उन्हें शपथ के लिए बुलाया गया।

जब शपथ के लिए नहीं लिया गया इस नेता का नाम
दरअसल, मध्य प्रदेश में कैबिनेट विस्तार के दौरान ओपीएस भदौरिया का नाम भी मंत्रियों की लिस्ट में शामिल था। हालांकि, शपथ के दौरान उनका नाम नहीं लिया गया। फिर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका नाम लिया, जिसके बाद उन्हें शपथ के लिए बुलाया गया। ओपीएस भदौरिया का नाम राज्यमंत्री के तौर पर 28 मंत्रियों की लिस्ट में शामिल था। ओपीएस भदौरिया ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

राज्यपाल के याद दिलाने पर दिलाई गई शपथ
इस बीच गुरुवार को सुबह 11 बजे हुए शपथ समारोह में जिन मंत्रियों को शपथ दिलाई गई उनमें गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, बिसाहूलाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र सिंह, एदल सिंह कोषाना, इमरती देवी, प्रभु राम चौधरी और प्रद्युम्न सिंह तोमर समेत 28 नाम शामिल हैं। जिन 28 मंत्रियों को आज राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शपथ दिलाई है उनमें 20 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री शामिल हैं।

शिवराज कैबिनेट में सिंधिया का जलवा
मंत्रिमंडल विस्तार में ज्योतिरादित्य सिंधिया का खासा प्रभाव नजर आया। शिवराज के मंत्रिमंडल में ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के 11 लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। मार्च में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिरने के बाद जब शिवराज सिंह चौहान ने चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। बाद में 5 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उसके बाद अब जाकर शिवराज ने कैबिनेट का विस्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *